पीरटांड़ में मतदाता पुनरीक्षण कार्य जोरों पर, वीएलई निभा रहे हैं महत्वपूर्ण भूमिका
पीरटांड़ (गिरिडीह)--आगामी चुनावों को लेकर पीरटांड़ प्रखंड में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाई गई है। इस अभियान में ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, एवं संशोधन जैसे कार्यों को पूरी तत्परता के साथ अंजाम दे रहे हैं।प्रखंड के सभी पंचायतों में यह कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए। पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है ताकि वे अपने दस्तावेज समय पर जमा कर, आवश्यक सुधार करवा सकें।
इस कार्य में ब्लॉक मैनेजर अजीज हसन के नेतृत्व में पंचायत स्तरीय वीएलई शेखर महतो, रामा पंडित, रामानुज शर्मा, जय किशोर मराण्डी, देवेश बक्सी, अनूप कुमार, सोनू कुमार गुप्ता सहित अन्य राजेंद्र मंडल, आकाश कर्मकार आदि सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
हालांकि वीएलई ने यह भी बताया कि उन्हें इस कार्य के बदले कोई भी यात्रा भत्ता या मानदेय नहीं दिया जा रहा है। अधिकतर वीएलई दूरदराज के इलाकों से अपने निजी खर्चे पर प्रखंड कार्यालय आते हैं, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। वीएलई का कहना है कि सरकारी कार्यों में उनकी सहभागिता के बावजूद उन्हें लगातार शो-कॉज नोटिस भेजा जा रहा है, जिससे मानसिक दबाव भी उत्पन्न हो रहा है।
वीएलई प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि उनसे किसी भी प्रकार का कार्य लिया जा रहा है तो उसका उचित पारिश्रमिक दिया जाए, ताकि वे बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।


Comments
Post a Comment