पीरटांड़ प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक, ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन ने दिया मुआवजा
पीरटांड़ (गिरिडीह)**--- पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। टुंडी के रास्ते क्षेत्र में पहुंचे जंगली हाथियों ने बीते कुछ दिनों में एक बार फिर कई गांवों में जमकर तोड़फोड़ मचाई है, जिससे लोगों की जान-माल को भारी नुकसान पहुंचा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगली हाथियों ने तुइयो एवं बदगावां गांव में कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हाथियों की मौजूदगी से गांवों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी की आवाज सुनते ही लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में डर व्याप्त है। कई गांवों में लोग पूरी रात जागकर किसी तरह अपनी जान-माल की सुरक्षा करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगली हाथियों को जल्द से जल्द जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में शांति बहाल हो सके और किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।इधर मंगलवार को प्रशासन की ओर से हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त मकानों के लाभुकों को सहायता प्रदान की गई। इस दौरान बीडीओ मनोज कुमार मरांडी ने तुइयो पंचायत की मंझली देवी तथा बदगावां पंचायत के जीतपुर निवासी फूलमुनी देवी और सोमरी देवी को नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान किया।प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि वन विभाग के सहयोग से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Comments
Post a Comment