कोयवा टांड़ में सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों का विरोध, दो दिनों के लिए काम बंद
पीरटांड़(गिरिडीह)---पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत कोयवाटांड़ में पालगंज बरही टोला से कोयवा टांड़ तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य को ग्रामीणों ने रोक दिया। सड़क निर्माण को लेकर विवाद बढ़ने पर पीरटांड़ थाना के थाना प्रभारी दीपेश कुमार मौके पर पहुंचे। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि पंसस योगेंद्र तिवारी, मुखिया प्रतिनिधि बिरजू साहू तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी उपस्थित थीं।
जानकारी के अनुसार, सड़क का निर्माण कुछ दूरी तक पूरा हो चुका है, जबकि लगभग एक किलोमीटर हिस्सा अभी बनना बाकी है। ग्रामीणों का कहना है कि वे सड़क निर्माण के पक्ष में हैं, लेकिन निर्माण कार्य उनके द्वारा सुझाए गए रास्ते से ही होना चाहिए। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क को पहाड़ी के पीछे से घुमाकर बनाया जा रहा है, जो उनकी मांग के अनुरूप नहीं है।वहीं ठेकेदार संजीव कुमार का कहना है कि वन विभाग द्वारा जारी एनओसी के आधार पर ही सड़क निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभागीय स्वीकृति के अनुरूप ही कार्य किया जा रहा है।विरोध बढ़ने पर पीरटांड़ पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। प्रशासन की ओर से दो दिनों तक निर्माण कार्य बंद रखने की बात कही गई है। साथ ही वन विभाग से इस संबंध में वार्ता कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया गया है।फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। अब वन विभाग और प्रशासन की पहल के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Comments
Post a Comment