भव्य कलश यात्रा के साथ पंच दिवसीय हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ
पीरटांड़ (गिरिडीह)--- पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज में श्री श्री 108 हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा सह पांच दिवसीय महायज्ञ का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में 151 महिलाओं ने सिर पर कलश उठाकर भाग लिया।कलश यात्रा की शुरुआत मथानी चौक स्थित हनुमान मंदिर से हुई। गाजे-बाजे और जय श्रीराम के नारों के बीच श्रद्धालुओं का जत्था कुलमती नदी तक पहुंचा। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित दीनदयाल पाठक,रामकिंकर उपाध्याय जी द्वारा विधि-विधान से कलश में जल भरवाया गया।
इसके बाद श्रद्धालु जल से भरे कलश लेकर पुनः मंदिर परिसर पहुंचे, जहां महायज्ञ और प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान की विधिवत शुरुआत की गई। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पांच दिनों तक प्रतिदिन पूजा-अर्चना, हवन और शाम को श्रीधाम वृंदावन से पधारे आचार्य अलकेश शरण पराशर द्वारा प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पालगंज और आसपास के गांवों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष रविरंजन सिन्हा, कोषाध्यक्ष गौतम गोस्वामी,भोला साव,सजित सिंह,विवेक कुमार,मयंक बरनवाल,शुशील कुमार,नकुल साव,अशोक गुप्ता,दिगम्बर प्रसाद बक्सी,अनील सिन्हा,रविरंजन सिंह,संजय बरनवाल,बिरजू साहू,रोहित सिंह, अर्जुन मल्लाह,जितेंद्र लाहकार,दुर्गा चौरसिया, अमित राम,समेत अन्य कई गणमान्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा।



Comments
Post a Comment